![]()
बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बैटरी दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। चोर दुकान का शटर तोड़कर बैटरियां, सोलर पैनल प्लेट और नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में रोष है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यह घटना जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के सद्दीपुर रोड पर अवध कॉलेज के पास हुई। खिजरपुर निवासी विनय कुमार की बैटरी की दुकान को निशाना बनाया गया। पीड़ित विनय कुमार के अनुसार, चोर दुकान से 20 बड़ी बैटरियां, 33 सोलर पैनल प्लेट और लगभग 20 हजार रुपये नकद ले गए। बताया गया है कि घटना की रात विनय कुमार अपने परिवार के साथ आनंदी वाटर पार्क गए थे। देर रात घर लौटने के बाद सभी सो गए। अगली सुबह जब वे उठे, तो घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी मिली। परिवार के सदस्यों ने पीछे के रास्ते से जाकर दरवाजा खुलवाया, तब दुकान का शटर टूटा हुआ पाया। दुकान के अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा था और कीमती बैटरियां, सोलर पैनल प्लेट तथा नकदी गायब मिली। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जहांगीराबाद थाना प्रभारी रामप्रकाश मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है। रिहायशी इलाके में हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और चोरी में शामिल बदमाशों की तलाश जारी है।
Source link
बाराबंकी में बैटरी दुकान का शटर तोड़कर लाखों की चोरी:चोरों ने बैटरियां, सोलर पैनल और नकदी लेकर पुलिस को चुनौती दी