बागपत के कुरड़ी गांव धरने में शामिल हुए अभिषेक त्यागी:प्रशासन पर ग्रामीणों को धमकाने का आरोप, 3 दिन में मांगा समाधान


बागपत के कुरड़ी गांव में चल रहे ग्रामीणों के धरने में राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक त्यागी शामिल हुए। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान त्यागी ने ग्रामीणों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे उनकी लड़ाई दिल्ली से लेकर लखनऊ तक लड़ेंगे। अभिषेक त्यागी ने बागपत प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सैनी, कश्यप और प्रजापति समाज के साथ जो व्यवहार किया है, वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्यागी ने आरोप लगाया कि समस्या का समाधान करने के बजाय, अधिकारियों ने ग्रामीणों के घरों पर बुलडोजर चलाकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया है। अभिषेक त्यागी ने बागपत के जिलाधिकारी (डीएम) को “भाजपा का डीएम” बताते हुए उन पर गरीबों को गांव से खदेड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुरड़ी गांव में “जंगल राज” है, जहां प्रशासन मंदिर-मस्जिदों से घोषणाएं कराकर ग्रामीणों को धमकियां दे रहा है। त्यागी ने भाजपा सरकार पर उन लोगों का शोषण करने का भी आरोप लगाया, जिन्होंने उसे सत्ता में लाने का काम किया। अभिषेक त्यागी ने बागपत की डीएम को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्हें लगता है कि विपक्ष के लोग अपना काम नहीं जानते, तो वे दिल्ली से लेकर लखनऊ तक अपनी बात पहुंचाना जानते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तीन दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं होता है, तो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी बागपत पहुंचेंगे। गौरतलब है कि कुरड़ी गांव में विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के कार्यकर्ता और ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। आरोप है कि धरने में शामिल दो लोगों के घरों पर बिना किसी पूर्व सूचना के बुलडोजर चला दिया गया, जिसके बाद यह मामला और अधिक बढ़ गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *