फेक इंस्टाग्राम id बनाकर युवती को बदनाम किया:प्रयागराज में मिलने से इंकार करने पर बोला-अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर दूंगा


मिलने से इंकार पर फेक इंस्टाग्राम id से बदनाम किया नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी प्रयागराज में नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाने के बाद सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसे और उसके परिवार को परेशान किया गया। छात्रा के पिता ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। परिवार का कहना है कि युवक करीब तीन साल से छात्रा के संपर्क में था। उस समय बेटी की उम्र करीब 15 वर्ष थी।
पिता ने पुलिस को बताया, युवक ने छात्रा से शादी करने का वादा कर उससे नजदीकियां बढ़ाईं। दोनों मोबाइल फोन पर बातचीत और चैटिंग करने लगे। परिवार को इसकी जानकारी हुई तो छात्रा का मोबाइल अपने पास रख लिया गया। इसके बाद युवक छात्रा से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया। मना करने पर अपनी मां और एक अन्य महिला के साथ पहुंचा और विवाद किया।
पिता का कहना है कि इस दौरान उन्हें और उनकी बेटी को अपशब्द कहे गए। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। तहरीर में यह भी कहा गया है कि बेटी ने युवक के मोबाइल में दूसरी लड़कियों की तस्वीरें देखी थीं।
चौकी में बुलाकर समझाया गया, फिर भी नहीं माना
परिवार के मुताबिक, मामले की जानकारी युवक के मामा को भी दी गई थी। इसके बाद 18 जून 2026 को बहादुरगंज चौकी में युवक, उसकी मां और मामा को बुलाया गया। वहां परिवार ने युवक की हरकतों की जानकारी पुलिस को दी। वहां युवक और उसके मामा ने लिखित आश्वासन दिया कि आगे छात्रा को परेशान नहीं किया जाएगा।
उसी रात से धमकी भरे मैसेज भेजने लगा
शिकायत में बताया गया है कि लिखित आश्वासन के बावजूद उसी रात से युवक ने धमकी भरे मैसेज भेजने शुरू कर दिए। अलग-अलग फर्जी आईडी बनाकर बेटी और परिवार के लोगों के मोबाइल नंबरों पर मैसेज किए गए। इसकी जानकारी चौकी पुलिस को दी गई। इस पर उन्हें मैसेज और कॉल ब्लॉक करने की सलाह दी गई।
इसके बाद युवक ने बेटी की एक सहेली पर भी दबाव बनाया। कहा कि वह उसे छात्रा से मिलवाए वरना अंजाम गंभीर होंगे।
इंस्टाग्राम पर कई फर्जी आईडी बनाने की शिकायत
आरोप भी यही है कि युवक ने छात्रा, उसके पिता और उसकी सहेली के नाम से इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफॉर्म पर कई फर्जी आईडी बना दीं। इन आईडी के जरिए उन्हें परेशान और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि छात्रा इस पूरे घटनाक्रम से बेहद परेशान है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की भी रिपोर्ट ली जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *