बाइक सवार महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार:सीतापुर के लोहारबाग में वारदात, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज


सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात लूट की एक वारदात से हड़कंप मच गया। लोहारबाग मोहल्ले में एक बाइक सवार उचक्के ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना शहर के पॉश इलाके में होने के कारण लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़िता निर्मला गुप्ता पत्नी वीरेंद्र गुप्ता हाल ही में बरेली से सीतापुर आई थीं। वह ऑटो से लोहारबाग पहुंचीं और वहां से अपने घर की ओर पैदल जा रही थीं। जैसे ही वह गली में पहुंचीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार उचक्के ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। परिजनों ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। शुरुआती जांच में यह घटना सुनियोजित प्रतीत हो रही है, क्योंकि आरोपी ने सुनसान गली का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और छीने गए सामान की बरामदगी भी की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *