बाइक सवार बदमाशों ने महिला से दिनदहाड़े छीना मंगलसूत्र:कानपुर में एयरफोर्स गेट के अंदर वारदात, आरोपी फरार; पुलिस जांच में जुटी


कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक महिला से दिनदहाड़े मंगलसूत्र लूट लिया गया। यह घटना एयरफोर्स गेट के अंदर घाऊखेड़ा इलाके में हुई। बाइक सवार बदमाशों ने महिला को निशाना बनाया और झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। रायपुरवा देवनगर निवासी मीनू चौरसिया ने पुलिस को बताया कि 23 मई की शाम करीब 7 बजे वह अपनी बेटी के साथ सवारी वाहन से घाऊखेड़ा स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। हरजिंदर नगर से दो बदमाश उनकी रेकी करने लगे थे। एयरफोर्स गेट के अंदर घाऊखेड़ा के पास अचानक पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने मीनू चौरसिया को निशाना बनाया। वे उनके बेहद करीब आए और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए। वारदात के बाद महिला ने चीखना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़िता ने बताया कि लूटा गया मंगलसूत्र उनके लिए भावनात्मक और आर्थिक दोनों रूप से महत्वपूर्ण था। इस घटना से वह काफी परेशान हैं। चकेरी पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने पीड़िता को जल्द गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *