बस्ती में किसान की करंट से मौत:सुबह अचेत हालत में मिला शव, टुल्लू पंप के कटे तार से करंट की आशंका


बस्ती के पैकोलिया थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में विद्युत स्पर्शाघात से शनिवार सुबह लगभग 5 बजे एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 57 वर्षीय राधेश्याम पुत्र दयाराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब वे सोकर उठे, तो राधेश्याम को घर में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। काफी प्रयासों के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि राधेश्याम को टुल्लू पंप के कटे हुए विद्युत तार की चपेट में आने से करंट लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार को रात में इस घटना की जानकारी नहीं हो सकी थी। राधेश्याम खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर गहरा दुख आया है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया। सूचना मिलने पर पैकोलिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परिजनों ने कटे हुए विद्युत तार से हादसे की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *