अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले लखनऊ में विशाल योग शिविर:बाबू केडी सिंह स्टेडियम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक हुए शामिल, योग के जरिए निरोग लखनऊ बनाने का लिया संकल्प


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले शनिवार सुबह राजधानी के बाबू केडी सिंह स्टेडियम में ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और “लखनऊ करेगा योग, लखनऊ बनेगा निरोग” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा। योग को जन आंदोलन बनाने की दिशा में बढ़ा कदम कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले ही इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर योग अब जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने ममता चैरिटेबल ट्रस्ट और उसके अध्यक्ष राजीव मिश्रा की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर योग के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई है। बृजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन को भी स्वस्थ बनाता है और जब समाज का हर व्यक्ति सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेगा तो उत्तर प्रदेश देश में नई पहचान बनाएगा। योग के साथ संस्कृति का भी हुआ संगम योग शिविर को आकर्षक बनाने के लिए भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति, योग आधारित कथक नृत्य और कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय परंपरा और योग के महत्व को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, वरिष्ठ युवा नेता नीरज सिंह, पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, पूर्व न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सवा लाख पौधे लगाने का लिया संकल्प ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि ट्रस्ट लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सवा लाख पौधे लगाने का अभियान चलाया जाएगा। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से लोगों को हरित उत्तर प्रदेश और हरित भारत के निर्माण से जोड़ा जाएगा। निरोग समाज के निर्माण का संदेश कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *