फूड-इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप:श्रावस्ती में सिपाही ने गर्भपात कराने और शादी से मना करने की SSP से की शिकायत


श्रावस्ती में तैनात एक फूड इंस्पेक्टर पर आबकारी विभाग की महिला सिपाही ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, गर्भवती होने पर दवा देकर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। देवरिया निवासी महिला सिपाही ने शनिवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। महिला का कहना है कि दोनों की जान-पहचान आसपास रहने के कारण हुई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने एक जनवरी को शादी का भरोसा देकर उसकी मर्जी के खिलाफ संबंध बनाए। महिला ने आरोप लगाया कि मार्च 2026 में गर्भवती होने के बाद जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया गया। इसके बाद भी आरोपी शादी का भरोसा देता रहा। सगाई के बाद शादी से इनकार का आरोप महिला सिपाही के मुताबिक, आरोपी आदर्श प्रताप अयोध्या का रहने वाला है और भिनगा में फूड इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। शिकायत में कहा गया है कि 29 अप्रैल को देवरिया में दोनों की सगाई हुई थी और परिवार की सहमति से 7 दिसंबर 2026 को शादी की तारीख तय की गई थी। महिला का आरोप है कि सगाई के बाद भी आरोपी उस पर पति-पत्नी की तरह साथ रहने का दबाव बनाता रहा और अब शादी की तैयारियों के बीच उसने विवाह से इनकार कर दिया है। महिला ने कहा कि उसने पहले कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को एएसपी से मिलकर उसने निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल इस मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही हो सकेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *