बस्ती के डॉ. विद्यासागर उपाध्याय को तुलसी सारस्वत सम्मान:देवरिया की नागरी प्रचारिणी सभा ने किया सम्मानित


हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बलिया निवासी शिक्षाविद् एवं साहित्य मर्मज्ञ डॉ. विद्यासागर उपाध्याय को ‘नागरी तुलसी सारस्वत सम्मान-2026’ से अलंकृत किया गया। यह सम्मान ऐतिहासिक नागरी प्रचारिणी सभा (आर्यभाषा पुस्तकालय एवं वाचनालय) देवरिया की ओर से प्रदान किया गया। तुलसी जयंती के अवसर पर आयोजित वार्षिक समारोह में डॉ. उपाध्याय को हिंदी भाषा की सेवा, साहित्य-सर्जना तथा भाषा-साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की गई। उन्हें प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पुष्पहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. विद्यासागर उपाध्याय ने ‘तुलसी जयंती क्यों मनाई जाए’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि तुलसीदास ने वेद, निगम और आगम से चली आ रही गंभीर एवं दुरूह ज्ञान-परंपरा को लोकभाषा के माध्यम से सहज, सरल और जनसुलभ बनाया। डॉ. उपाध्याय ने आगे कहा कि तुलसी केवल कवि नहीं, बल्कि युगद्रष्टा संत थे। उन्होंने बताया कि आज समाज में दिखाई दे रही अनेक विकृतियों और विसंगतियों की कल्पना तुलसी ने लगभग पांच सौ वर्ष पूर्व ही कर ली थी। डॉ. उपाध्याय के अनुसार, तुलसी का चिंतन मूलतः लोकमंगल का चिंतन है। उनका विश्वास था कि गृहस्थ और किसान समृद्ध होंगे, तभी समाज और राष्ट्र वास्तविक अर्थों में उन्नति कर सकेंगे। उन्होंने कहा, “यदि लंका में कोई तुलसी होता तो वह लंका, लंका न होकर अयोध्या हो गई होती।” करौली इनायती रियासत राजस्थान के राजघराने के वर्तमान उत्तराधिकारी एवं वरिष्ठ साहित्यकार राव शिवराज पाल, बरहज आश्रम के महंत स्वामी आंजनेय दास, सभा के मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी, प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. दयाशंकर कुशवाहा, डॉ. रंजीता श्रीवास्तव, डॉ. अभय द्विवेदी, डॉ. संजय शंकर मिश्र, डॉ. सरोज कुमार पाण्डेय, डॉ. इन्द्र कुमार दीक्षित, डॉ. दिनेश कुमार त्रिपाठी, अधिवक्ता बृजेश पांडेय सहित विभिन्न महाविद्यालयों से जुड़े सैकड़ों साहित्यकार, शिक्षाविद् और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सन् 1915 ईस्वी में स्थापित नागरी प्रचारिणी सभा देवरिया हिंदी भाषा और साहित्य के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण संस्था रही है। इस संस्था की साहित्यिक गतिविधियों से आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी, महादेवी वर्मा, डॉ. रामकुमार वर्मा, महावीर प्रसाद द्विवेदी, डॉ. रामदरश मिश्र, डॉ. विद्यानिवास मिश्र, विश्वनाथ प्रसाद तिवारी, सेठ गोविंद दास, पं. कमलापति त्रिपाठी जैसी साहित्यिक एवं सार्वजनिक जीवन की विभूतियों का संबंध रहा है। डॉ. विद्यासागर उपाध्याय को मिले इस सम्मान से बलिया के साहित्यिक एवं विद्वत समाज में प्रसन्नता है। डॉ. गणेश पाठक, करुणानिधि तिवारी, हरेन्द्र नाथ मिश्र, डॉ. जनार्दन राय, डॉ. अशोक पाण्डेय, डॉ. मणिकर्णिका, डॉ. विजया वर्मा, डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी, लल्लन पाण्डेय, संतोष दीक्षित, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. अशोक कुमार सिंह सहित अनेक साहित्यकारों एवं विद्वानों ने उन्हें बधाई दी और उनके साहित्यिक एवं शैक्षिक योगदान की सराहना की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *