![]()
पीलीभीत के बरखेड़ा ब्लॉक की निवर्तमान प्रमुख रामदेवी गंगवार का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 70 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। रामदेवी गंगवार का क्षेत्र की राजनीति में एक सम्मानित स्थान था। उनके पुत्र कमलेश गंगवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हैं। उनके निधन पर जनपद और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार और केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने रामदेवी गंगवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि उनका जाना क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वह हमेशा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहती थीं। भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रामदेवी गंगवार की अंतिम यात्रा आज शाम 4:30 बजे उनके पैतृक निवास से शुरू होगी। उनका अंतिम संस्कार बरखेड़ा में पूरे राजकीय और सामाजिक सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग उमड़ रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें एक सरल और मिलनसार व्यक्तित्व वाली नेता के रूप में याद किया।
Source link
बरखेड़ा ब्लॉक प्रमुख रामदेवी गंगवार का निधन:पीलीभीत में राजनीतिक जगत में शोक की लहर