बदायूं में बारिश से लिंटर ढहा:मलबे में दबकर महिला की मौत, रात को सोते समय हादसा


बदायूं में लगातार बारिश के कारण एक मकान का लिंटर ढह गया। इस हादसे में मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। घटना शुक्रवार तड़के उघैती थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में हुई। मृतक महिला की पहचान 37 वर्षीय गुड्डो देवी पत्नी महीपाल के रूप में हुई है। बताया गया कि रात करीब दो बजे जब वह कमरे में सो रही थीं, तभी मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद गुड्डो देवी को मलबे से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। महीपाल अपने चार बच्चों के साथ बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी कमरे में थीं। सूचना मिलने पर उघैती थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण मकान कमजोर हो गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *