बदायूं में पुलिस चौकी में भिड़े दो पक्ष:लात-घूंसे चले, कुर्सियां फेंकीं; 4 आरोपी गिरफ्तार


बदायूं सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी (नवादा) में बुधवार शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पुलिसकर्मियों के सामने चौकी परिसर में हुई इस घटना में दोनों ओर से लात-घूंसे चले और कुर्सियां तक फेंकी गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, ग्राम सलारपुर निवासी छम्मन और बाबू एक पक्ष से, जबकि वसीम और साजिद दूसरे पक्ष से अपने समर्थकों के साथ बुधवार को शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश और मुकदमेबाजी को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। चौकी परिसर में चलीं कुर्सियां, मची अफरा-तफरी विवाद बढ़ने पर चौकी परिसर के भीतर ही दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और कुर्सियां फेंकी गईं। अचानक हुए हंगामे से चौकी में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया, हालांकि इस दौरान कई लोग मौके से भाग निकले। मारपीट में घायल एक व्यक्ति का उपचार भी कराया गया। पुराने मुकदमे की सुनवाई के दौरान हुआ आमना-सामना पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष 13 जुलाई को दर्ज एक पुराने मुकदमे के सिलसिले में चौकी पहुंचे थे। पहले दर्ज मुकदमे में वादी पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया था। आरोपी पक्ष अपना पक्ष रखने चौकी पहुंचा था, तभी वादी पक्ष भी गवाहों के साथ वहां आ गया। आमना-सामना होते ही विवाद हिंसक हो गया। वीडियो वायरल होने पर दर्ज हुआ नया मुकदमा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर छम्मन, बाबू, वसीम और साजिद को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस चौकी परिसर में कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *