बदायूं में करंट लगने से युवक की मौत:घर की लाइट ठीक करते समय हादसा, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया


बदायूं में घर की लाइट ठीक करते समय एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। यह घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के फैजगंज कस्बे के वार्ड नंबर नौ की है। सोमवार देर रात करीब दस बजे 32 वर्षीय जीशान सलमानी (पुत्र श्याम तुल्ली) अपने घर की लाइट ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। हादसे के बाद परिजन तुरंत उन्हें इलाज के लिए चंदौसी के एक अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जीशान को मृत घोषित कर दिया। जीशान की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना से दुखी परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अस्पताल से वापस घर ले आए। जीशान की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। हादसे की जानकारी के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। जीशान छत्तीसगढ़ में मजदूरी करते थे और इसी से अपने परिवार का गुजारा चलाते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उनके पास अपनी कोई कृषि भूमि नहीं है। श्याम तुल्ली के सभी बेटे मेहनत-मजदूरी कर गुजारा चलाते हैं। जीशान सात भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। करीब 15 वर्ष पहले उनकी शादी समीना से हुई थी। उनके परिवार में पत्नी समीना और पांच बच्चे हैं। इनमें 12 वर्षीय बेटा फैजान, नौ वर्षीय बेटी सिप्पो, छह वर्षीय बेटी सिपा, चार वर्षीय बेटा अयान और 10 माह का सबसे छोटा बेटा सुफियान शामिल हैं। जीशान की मौत से पांचों बच्चों ने अपने पिता को खो दिया। परिवार के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *