![]()
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक बड़ी छापेमारी के दौरान ₹28 करोड़ से ज्यादा नकद और 15 किलो सोना बरामद किया है। सोने की कीमत करीब ₹21 करोड़ बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में नोट मिले कि उन्हें गिनने के दौरान 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। पुलिस ने इस मामले में मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। बस ड्राइवर से करोड़पति बनने तक का सफर मिनार मंडल पेशे से बस ड्राइवर रह चुका है। सूत्रों के मुताबिक वह पहले राज्य परिवहन विभाग में काम करता था। बाद में उसने पत्थर (स्टोन) के कारोबार में एंट्री की। पुलिस के अनुसार, वह पत्थर कारोबारी तुलु मंडल का रिश्तेदार है और उसके स्टोन क्वारी और क्रशिंग यूनिट्स से भी जुड़ा हुआ था। तुलु मंडल को पूर्व TMC नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। इसी महीने वह TMC के अंदर ऋतब्रत बनर्जी गुट के साथ चला गया था। छापेमारी में क्या मिला बुधवार रात शुरू हुई कार्रवाई में पुलिस को शुरुआत में ₹5.5 करोड़ नकद मिला। नोटों की गिनती पूरी होने तक यह रकम बढ़कर ₹28 करोड़ से ज्यादा हो गई। इसके अलावा 15 किलो सोना भी बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब ₹21 करोड़ है। गिरफ्तारी के बाद मिनार मंडल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल और उसके अवैध सिंडिकेट का है। जांच में क्या पता लगाया जा रहा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से आई और इसका स्रोत क्या है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी रात कार्रवाई चली। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि छापेमारी किस सूचना के आधार पर की गई और इसका संबंध किन अवैध गतिविधियों से है। सरकार ने क्या कहा पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में पुलिस की कार्रवाई की तारीफ करते हुए कहा कि यह रेत माफिया और अवैध सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने लिखा कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के ठिकाने पर छापा मारा, जहां से करोड़ों रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि जनता की संपत्ति लूटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और माफिया सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। TMC बनाम TMC की सियासत इस बरामदगी के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोपी से संबंध होने का आरोप लगा रहे हैं। TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा कि जिन लोगों के घर से पैसा मिला है, वे कुछ ऐसे नेताओं के करीबी बताए जा रहे हैं जो खुद को “अच्छी TMC” बताते हैं। उन्होंने मांग की कि जरूरत पड़े तो उन नेताओं से भी पूछताछ होनी चाहिए। TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि बीरभूम लंबे समय तक एक पूर्व TMC मंत्री और “बीरभूम के टाइगर” का गढ़ माना जाता था। अब मुख्यमंत्री को जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि आरोपियों के उन प्रभावशाली नेताओं से क्या संबंध थे। ऋतब्रत गुट के समर्थक और TMC विधायक प्रसून बनर्जी ने भी कहा कि इतनी बड़ी बरामदगी के लिए पुलिस की सराहना होनी चाहिए। साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि यह पैसा किसका है और इसमें कौन-कौन शामिल है। 100 करोड़ की शादी फिर चर्चा में इस कार्रवाई के बाद 2024 में तुलु मंडल की बेटी की आलीशान शादी भी फिर चर्चा में आ गई है। सूत्रों के मुताबिक इस शादी पर करीब ₹100 करोड़ खर्च किए गए थे। समारोह में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड कलाकार अरबाज खान और जरीन खान भी शामिल हुए थे। इसके अलावा अंकुश हाजरा और दर्शना बनिक समेत कई कलाकारों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि तुलु मंडल और उससे जुड़े लोगों की आय के स्रोत क्या थे और इतनी बड़ी संपत्ति कैसे जुटाई गई।
Source link
बंगाल में पूर्व-बस ड्राइवर के पास ₹49 करोड़ कैश-गोल्ड मिला:नोट गिनते-गिनते 5 मशीनें खराब; आरोपी ₹100 करोड़ की शादी वाले तुलु मंडल का रिश्तेदार