फुपुक्टा के दोनों संगठन 25 साल बाद एक हुए:शिक्षकों की समस्याओं को लेकर करेंगे आंदोलन, 23 सूत्री मांग-पत्र भेजेंगे


उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) के दोनों संगठन 25 साल बाद एक हो गए हैं। गुरुवार को उत्तर प्रदेश प्रेस क्लब में संरक्षक हरेंद्र कुमार राय ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों संगठनों का एकीकरण शिक्षक आंदोलन को नई ऊर्जा देगा। अब संगठन संशोधित नियमावली के आधार पर लोकतांत्रिक तरीके से संचालित होगा। फुपुक्टा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि दोनों संगठनों के एक होने से उच्च शिक्षा और शिक्षकों के सामने मौजूद चुनौतियों का प्रभावी तरीके से मुकाबला किया जा सकेगा। महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं को लेकर चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। दोनों संगठनों की कार्यकारिणियों से विलय पदाधिकारियों ने बताया कि करीब ढाई दशक पहले फुपुक्टा दो धड़ों में बंट गया था। एक धड़ा फुपुक्टा और दूसरा फुपुक्टा (रजिस्टर्ड) के नाम से काम कर रहा था। दोनों संगठनों की कार्यकारिणियों से विलय का प्रस्ताव पारित होने के बाद एकीकृत प्रबंध कार्यकारिणी बनाई गई। इसके लिए फुपुक्टा (रजिस्टर्ड) के संविधान में संशोधन किया गया और उसके पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दिया। एकीकृत कार्यकारिणी को डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, लखनऊ मंडल की ओर से पंजीकृत/अनुमोदित किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। संगठन ने कहा कि एकीकरण से शिक्षकों के शैक्षणिक, व्यावसायिक और सेवा संबंधी हितों को मजबूती से उठाया जाएगा। 23 सूत्रीय मांग-पत्र भेजेंगे फुपुक्टा पदाधिकारियों ने बताया कि अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं को लेकर 23 सूत्रीय मांग-पत्र प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा और निदेशक, उच्च शिक्षा, प्रयागराज को भेजा जाएगा। मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में आंदोलन की रूपरेखा भी जारी की गई। प्रमुख अधिकारी हरेंद्र कुमार राय संरक्षक, वीरेन्द्र सिंह चौहान अध्यक्ष, हिमांशु सिंह, श्रीप्रकाश यादव, प्रदीप शर्मा और अजय कुमार मिश्रा उपाध्यक्ष, अर्चना दीक्षित महिला उपाध्यक्ष, प्रदीप कुमार सिंह महामंत्री, टीएस चौहान संगठन मंत्री, डीसी कटियार, गंगेश दीक्षित, रवि चौरसिया और अमित कुमार राय संयुक्त मंत्री, विनीता दुबे महिला संयुक्त मंत्री, अनिल यादव कोषाध्यक्ष तथा मनीष हिन्दवी कार्यालय सचिव एवं मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं। डीसीडीआर पाण्डेय सह-मंत्री और श्यौराज सिंह, भारतेंदु मिश्रा, शिवकुमार सिंह, आरएस यादव व राकेश कुमार जोनल सेक्रेटरी होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *