![]()
फिरोजाबाद के जसराना थाना क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामलों की जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा नगला बरी झपारा गांव में हुआ। 24 मार्च को गांव निवासी कौशलेंद्र (24) पुत्र नरेंद्र एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर अपने गांव के सामने मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए ले गए, जहां आराम मिलने पर घर ले आए। हालांकि, बाद में अचानक उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया है। दूसरी घटना खडीत पुल के पास हुई। थाना बागवाला, एटा के गांव हरनावली निवासी 45 वर्षीय समीम खां पुत्र अच्छन खां बाइक से जसराना की ओर आ रहे थे। एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर खडीत पुल के पास उनकी बाइक फिसल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। तीसरा हादसा भी खडीत पुल के पास हुआ। खडीत मिलावली निवासी 18 वर्षीय वीकेश पुत्र दयास्वरुप अपने साथी अजीत पुत्र दलवीर सिंह के साथ बाइक से पाढ़म से अपने गांव जा रहे थे। खडीत पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में वीकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजीत घायल हो गए। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वीकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए और घायल अजीत को उपचार के लिए भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस इन सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
Source link
फिरोजाबाद में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 3 की मौत:खडीत पुल और नगला बरी के पास हुए हादसों में एक घायल, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव