![]()
श्रावस्ती में भारत सरकार द्वारा संचालित फार्मर रजिस्ट्री योजना के तहत सभी किसानों का एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कक्ष में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि यह योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य किसानों का एकीकृत डिजिटल डाटा तैयार करना है। इसके तहत जनपद में सभी किसानों का पंजीकरण जनसेवा केंद्र (CSC) के माध्यम से अभियान चलाकर कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनसेवा केंद्र संचालक प्रतिदिन किसानों के फार्मर रजिस्ट्री आवेदन कराना सुनिश्चित करें और उसकी सूचना नियमित रूप से उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो केंद्र संचालक इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें प्रशासन की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, कार्य में रुचि न लेने अथवा लापरवाही बरतने वाले केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की दैनिक समीक्षा गूगल मीट के माध्यम से की जाएगी तथा सभी केंद्रों से प्राप्त डाटा को गूगल शीट पर संकलित कर निगरानी की जाएगी। बैठक में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए किसानों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रह जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावस्ती जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समयबद्ध और शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए, जिससे किसानों को भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से मिल सके।
Source link
फार्मर रजिस्ट्री पर प्रशासन सख्त, पंजीकरण अभियान पूरा होगा:लापरवाही वाले केंद्रों पर कार्रवाई, कार्य में तेजी के निर्देश