![]()
देवरिया में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक महिला की जमीन का दानपत्र दूसरे के नाम कराने के मामले में रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को सब रजिस्ट्रार समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई जांच में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। शिकायत के करीब डेढ़ महीने बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। दूसरी महिला को सोनमती बनाकर उपनिबंधक कार्यालय ले जाने का आरोप मदनपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी सोनमती देवी पत्नी ओमप्रकाश मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 जुलाई को उनके भसुर रामसूरत कुशवाहा ने कथित तौर पर फर्जी वोटर कार्ड और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उन्होंने एक अन्य महिला को सोनमती देवी के रूप में रुद्रपुर स्थित उपनिबंधक कार्यालय में पेश किया। पीड़िता के अनुसार, फर्जी पहचान के आधार पर उनकी जमीन का दानपत्र देवरिया कोतवाली क्षेत्र के दानोपुर निवासी सावित्री कुशवाहा पत्नी अमित के नाम करा दिया गया। उपनिबंधक कार्यालय के कर्मचारियों पर भी संलिप्तता का आरोप सोनमती देवी ने शिकायत में उपनिबंधक कार्यालय के कर्मचारियों की कथित संलिप्तता का भी आरोप लगाया था। उन्होंने सब रजिस्ट्रार, कार्यालय लिपिक और एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के इस मामले में शामिल होने की बात कही थी। जांच के बाद FIR दर्ज शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद एसपी के निर्देश पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने सब रजिस्ट्रार शशिकांत सरोज, लिपिक मनोज श्रीवास्तव, गोरख तिवारी, अकटहिया निवासी केशव, रामसूरत कुशवाहा और सावित्री देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दानपत्र और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच शुरू पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। उपनिबंधक कार्यालय में तैयार दस्तावेजों, पहचान संबंधी अभिलेखों और दानपत्र की पूरी प्रक्रिया की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फर्जी दानपत्र मामले में सब रजिस्ट्रार समेत छह पर FIR:महिला की जमीन हड़पी थी, दूसरी महिला को पेश किया था