![]()
बांदा जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की भूमि को फर्जी ट्रस्ट बनाकर हड़पने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। मंदिर के पैतृक पुजारी परिवार ने जिलाधिकारी से इसकी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता पुष्पा देवी, निवासी दूल्हा थोक, गांधी नगर, बिसंडा ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने मिलीभगत कर उनके पैतृक मंदिर की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की है। पुष्पा देवी के अनुसार, परिवार को जानकारी दिए बिना लेखपाल विनोद रावत की कथित मिलीभगत से मंदिर से संबंधित गाटा संख्या 2348, रकबा 2.829 हेक्टेयर भूमि के दो-तिहाई हिस्से (लगभग 10 बीघा) पर एक फर्जी ट्रस्ट का पंजीकरण कराया गया है। आरोप है कि इसी ट्रस्ट के माध्यम से मंदिर की संपत्ति को हड़पने या बेचने की साजिश रची जा रही है। पुष्पा देवी ने बताया कि उनकी मां स्वर्गीय कोदिया ने जीवनभर नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की सेवा की थी। मां के निधन के बाद वह अपने पिता के साथ मंदिर की देखरेख करती रही हैं। उनका कहना है कि अब कुछ दबंग और कथित भू-माफियाओं की नजर मंदिर की जमीन पर है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की राजस्व अभिलेखों और ट्रस्ट के दस्तावेजों के आधार पर जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कथित रूप से जिम्मेदार लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और मंदिर व उससे जुड़ी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इस मामले में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने शिकायत को गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित लेखपाल को भी जांच के लिए निर्देशित किया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मंदिर की भूमि से जुड़े अभिलेखों और कथित ट्रस्ट के गठन में नियमों का पालन किया गया है या नहीं।
Source link
फर्जी ट्रस्ट बनाकर मंदिर की जमीन हड़पने का आरोप:बांदा में पुजारी परिवार ने जिलाधिकारी से जांच की मांग की