फरीदाबाद में नकली हार्पिक बनाने का भंडाफोड़:816 भरी हुई बोतल और कच्चा माल बरामद, यूपी का रहने वाला कर्मचारी अरेस्ट


फरीदाबाद के थाना डबुआ क्षेत्र के गांव नवादा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सफाई उत्पाद बनाने वाली एक वर्कशॉप का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इम्पैक्टिव ब्रांड सॉल्यूशंस एलएलपी कंपनी के प्रोडक्ट ‘हार्पिक’ की नकली कॉपी तैयार करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। देर शाम छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद, खाली बोतलें, लेबल और मशीनें बरामद की गई हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि, 15 अप्रैल को कंपनी की शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने गांव नवादा में एक वर्कशॉप पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही मौके से नकली उत्पाद तैयार किए जाने का खुलासा हुआ। टीम ने मौके से सुरजीत सिंह निवासी गांव गोती, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी त्यागी मार्केट, डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में नकली सामान मिला। पुलिस ने 500 एमएल की हार्पिक की 816 भरी हुई बोतलें, 250 खाली बोतलें, 316 लेबल और स्टीकर, 40 लीटर कच्चे माल से भरा एक केन, नकली उत्पाद तैयार करने में इस्तेमाल की जाने वाली मशीन, गत्ता पेटियां और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह पूरा सामान नकली हार्पिक तैयार कर बाजार में बेचने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी सुरजीत सिंह ने बताया कि वह विपिन नाम के व्यक्ति की वर्कशॉप में पिछले करीब चार महीनों से सेलरी पर काम कर रहा था और कच्चे माल की मदद से नकली हार्पिक तैयार किया जाता था और बाद में इसे थोक में बाजार में सप्लाई कर दिया जाता था। पुलिस ने चार दिन की रिमांड पर लिया पुलिस के अनुसार, इस तरह के नकली उत्पाद बाजार में बेचे जाने से कंपनी के ब्रांड को नुकसान पहुंचता है और उपभोक्ताओं की सेहत पर भी खतरा बन सकता है। इसलिए इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे आगे की पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपी विपिन और अन्य लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नकली उत्पादों की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *