![]()
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शनिवार को अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जोन-5 के विभिन्न क्षेत्रों में बुलडोजर चलाकर लगभग 18 बीघे क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। पीडीए ने स्पष्ट किया है कि संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पीडीए द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई जोनल अधिकारी प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में जोन-5 के उपजोन 5ए, 5बी और 5सी क्षेत्रों में की गई। अभियान के दौरान सबसे पहले मौजा बेरूई, परगना झूसी, तहसील फूलपुर में अनिल सिंह, दिलीप सिंह, सौरभ सिंह, अरविंद कुमार, राजू यादव एवं अन्य लोगों द्वारा लगभग 10 बीघे क्षेत्र में की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद पीडीए की टीम ने मौजा बेरूई, हाईवे के दक्षिण क्षेत्र में राघवेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र कुमार एवं अन्य लोगों द्वारा लगभग 5 बीघे भूमि पर विकसित की गई अवैध प्लाटिंग को जमींदोज कर दिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क, प्लॉटों के सीमांकन और अन्य अवैध निर्माणों को हटवाया। अभियान की तीसरी कार्रवाई मौजा चंदरपुर, बसमहुआ, झूंसी क्षेत्र में की गई। यहां सत्यम सिंह (थानापुर), राजकुमार (रहीमापुर), इरफान, कादी सिंह एवं अन्य लोगों द्वारा लगभग 3 बीघे भूमि पर विकसित की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। पीडीए ने बताया कि सभी संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराने के लिए संबंधित थानों में तहरीर भेजी जाएगी। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति के की जाने वाली प्लाटिंग और अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इस कार्रवाई में जोनल अधिकारी प्रवीण कुमार यादव के साथ अवर अभियंता, सुपरवाइजर तथा पीडीए की प्रवर्तन टीम मौजूद रही। पीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या प्लॉट की खरीद से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Source link
प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने 18 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की:बेरूई और झूंसी में अवैध कॉलोनियां जमींदोज, कई पर FIR की तैयारी