![]()
प्रयागराज में जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण और स्वगणना का कार्य गुरुवार से शुरू हो गया। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल तरीके से कराई जा रही है। नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने मकान और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। मनीष कुमार वर्मा ने स्वयं पोर्टल पर अपने आवास की स्वगणना कर आईडी नंबर प्राप्त किया। उन्होंने लोगों से भी पोर्टल के माध्यम से स्वप्रेरणा से जनगणना में भाग लेने की अपील की। 7 मई से 21 मई तक कर सकेंगे स्वगणना प्रशासन के अनुसार जनगणना के पहले चरण को दो हिस्सों में बांटा गया है। 7 मई से 21 मई तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन और मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। स्वगणना के लिए नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। ऐसे करनी होगी ऑनलाइन स्वगणना ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले नागरिकों को पोर्टल पर राज्य का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के जरिए पंजीकरण किया जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद भाषा और जिले का चयन करना होगा। इसके बाद मैप पर अपने घर की सही लोकेशन मार्क करनी होगी और मकान व परिवार से जुड़े सवालों के जवाब भरने होंगे। फॉर्म पूरा होने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की स्वगणना आईडी मिलेगी। इस आईडी को बाद में क्षेत्रीय गणनाकर्मी को दिखाना होगा, जिससे जनगणना प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि इस बार जनगणना पारंपरिक कागजी प्रक्रिया की जगह पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान होगी। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वगणना का विकल्प दिए जाने से वे खुद अपनी जानकारी सही तरीके से दर्ज कर सकेंगे और समय की भी बचत होगी। योजनाओं के लिए अहम होती है जनगणना प्रशासन के अनुसार जनगणना केवल आबादी गिनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे आयु, लिंग, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसे महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाएं और नीतियां तैयार करती है। इस मौके पर सीलम सांई तेजा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
प्रयागराज में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू:अब लोग खुद ऑनलाइन भर सकेंगे मकान और परिवार की जानकारी