![]()
प्रयागराज में देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में बिजली के तार टूट गए, खंभे उखड़ गए और कुछ स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि बिजली विभाग की टीमों ने रातभर लगातार काम करते हुए अधिकांश इलाकों में सुबह 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। शुक्रवार 29 मई को मुख्य अभियंता प्रथम प्रयागराज राजेश कुमार ने विद्युत नगरीय वितरण खंड म्योहाल के 33/11 केवी उपकेंद्र वेस्टइंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आंधी-तूफान के कारण पावर हाउस परिसर के भीतर स्थित 10 एमवीए परिवर्तक पर एक बड़ा पेड़ गिर गया था, जिससे बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। विभाग द्वारा तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया गया और दूसरे परिवर्तक से विद्युत आपूर्ति जारी रखी गई। चीफ इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया कि शहर में इस बार आंधी-तूफान से बड़े स्तर पर कोई मेजर ब्रेकडाउन नहीं हुआ, लेकिन कई स्थानों पर तार टूटने और पेड़ गिरने की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। विभाग का दावा है कि रात करीब 2 बजे आए तूफान के बाद सुबह दस बजे तक लगभग 90 प्रतिशत फीडर चालू कर दिए गए थे। जिन क्षेत्रों में तार टूटने, पेड़ गिरने या अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण सप्लाई बाधित थी, वहां भी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी रहा। मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि विभाग पहले से ही गर्मी और खराब मौसम को देखते हुए तैयारी कर रहा था। बिजनेस प्लान के तहत नए ट्रांसफॉर्मर लगाने, जर्जर तार बदलने और नेटवर्क को मजबूत करने का काम लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग के पास ट्रांसफॉर्मर, केबल और अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और जरूरत पड़ते ही तुरंत उपलब्ध करा दी जाती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और लगातार आंधी-तूफान के कारण बिजली लोड बढ़ा है, लेकिन विभाग की टीमें दिन-रात काम कर रही हैं ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
Source link
प्रयागराज में आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था चौपट:वेस्टइंड उपकेंद्र में 10 MVA ट्रांसफॉर्मर पर गिरा पेड़, 90% फीडर सुबह तक चालू