![]()
प्रयागराज पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। 2027 विधानसभा चुनाव में पीडीए फॉर्मूले के दम पर जीत के अखिलेश यादव के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि 2024 के बाद गंगा में बहुत पानी बह चुका है और अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा ने जीत हासिल की है। दिल्ली में समाजवादी पार्टी ने आम आदमी पार्टी का समर्थन किया, लेकिन वहां भी कमल खिला। इसी तरह बिहार में राजद और पश्चिम बंगाल में टीएमसी को समर्थन देने के बावजूद भाजपा मजबूत हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब साइकिल केवल सैफई की यात्रा करेगी और उत्तर प्रदेश में सत्ता हासिल करना अखिलेश यादव के बस की बात नहीं है। विश्व पर्यावरण दिवस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर केशव मौर्य ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान से मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं ताकि वे समाज सेवा के अपने संकल्प को और बेहतर ढंग से पूरा कर सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘हर घर नल जल’ योजना में टोंटी चोरी संबंधी बयान पर पूछे गए सवाल का सीधा जवाब देने से उपमुख्यमंत्री ने परहेज किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भूखा न रहे और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। टोंटी चोरी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब मुख्यमंत्री ही बेहतर दे सकते हैं। पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और इसे काल्पनिक प्रश्न बताया। वहीं प्रयागराज में कथित पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के बाद तीन कोचिंग संस्थानों को सील किए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई युवा निराश न हो और कोई भी नागरिक खुद को असुरक्षित न समझे। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने कहा कि 5 जून से 21 जून तक भाजपा विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने दावा किया कि 10 जून को नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेताओं में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के समर्थन से भविष्य में भी नरेंद्र मोदी ही देश का नेतृत्व करेंगे।
Source link
प्रयागराज पहुंचे केशव प्रसाद मौर्या, अखिलेश पर बोला हमला:'कॉकरोच जनता पार्टी' और 'पेपर लीक विरोध प्रदर्शन' पर साधी चुप्पी