प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने रात्रि चौपाल में सुनीं समस्याएं:बोले- 2017 से पहले बेटियां असुरक्षित थीं, आज 9 बजे भी इस चौपाल में सब आए


शाहजहांपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सिंधौली के भटपुरा रसूलपुर गांव में रात्रि जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा और कहा कि वर्ष 2017 से पहले रात नौ बजे के बाद महिलाओं को घर से बाहर निकलने के लिए सोचना पड़ता था, जबकि आज दूर-दूर से लोग इस चौपाल में आए हैं। मंत्री कश्यप ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सपा की नीतियों और नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह नीति और नीयत का ही मसला है कि आज रात नौ बजे भी वे अपनी बात कह पा रहे हैं और आसपास के लोग चौपाल में आकर उन्हें सुन रहे हैं। उन्होंने 2017 के दौर को याद करते हुए कहा कि स्कूल जाने वाली बच्चियों और खेतों में काम करने वाली महिलाओं के देर से घर लौटने पर परिजनों को अनहोनी की चिंता सताती थी। उनकी आशंकाएं भी सच थीं, क्योंकि सपा सरकार में सात सौ से ज्यादा दंगे हुए, हर जिले में गुंडागर्दी हुई, डकैती और अपहरण की घटनाएं भी हुईं। मंत्री ने दावा किया कि आज बड़े-बड़े माफिया और गुंडे उत्तर प्रदेश छोड़कर चले गए हैं या फिर मुठभेड़ों में मारे गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि योगी सरकार में गुंडागर्दी करने की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने योगी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस सरकार ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों से जोड़ने का काम किया है। साथ ही, नौ लाख लोगों को नौकरी पाने का अवसर मिला है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *