2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बसपा:कालपी में कार्यकर्ता सम्मेलन में बूथ मजबूती पर जोर, संगठन मजबूत करने का मंत्र


उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। जालौन के कालपी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और अभी से चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को कालपी विधानसभा क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ स्थित मून राइज रेस्टोरेंट में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री जगदीश प्रजापति और जिलाध्यक्ष बृजेश जाटव ने संयुक्त रूप से की। मुख्य अतिथि एवं झांसी मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी लालाराम अहिरवार ने कहा कि विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर का संगठन ही जीत की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम बनाने, मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को घर-घर पहुंचाने की अपील की। पूर्व मंत्री जगदीश प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि बहुजन समाज पार्टी का संगठन आज भी प्रदेश में मजबूत है और पार्टी का परंपरागत जनाधार उसके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी निष्ठा से कार्य करें तो आगामी विधानसभा चुनाव में कालपी सीट पर बसपा जीत हासिल कर सकती है। सम्मेलन को झांसी मंडल प्रभारी वृजभूषण कुशवाहा, शैलेंद्र शिरोमणि, धीरेन्द्र चौधरी और अनिल कस्तवार ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों, संगठन की मजबूती तथा बसपा शासनकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार और पूर्व जिलाध्यक्ष अतर सिंह पाल ने भी संगठन को और मजबूत बनाने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री उदयवीर सिंह दोहरे ने किया, जबकि सम्मेलन के संयोजक वीरपाल सिंह चौहान ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, सेक्टर एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मजबूत संगठन के बल पर बहुजन समाज पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *