प्रधानाध्यापक निलंबित, बच्ची से गलत हरकत का आरोप:बलिया में पुलिस ने आरोपी को किया था गिरफ्तार


बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय बच्ची से आपत्तिजनक हरकत के आरोप में उच्च प्राथमिक विद्यालय नवानगर के प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी को निलंबित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने यह कार्रवाई की। पुलिस आरोपी प्रधानाध्यापक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने अपने पास बुलाया और उसे बहला-फुसलाकर स्कूल के बाथरूम में ले गया था। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि प्रधानाध्यापक ने एक और बच्ची के साथ भी ऐसी ही हरकत की थी। घटना से आहत पीड़ित छात्रा की मां ने सिकंदरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी जांच शुरू की थी। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने यह कार्रवाई की है। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए गए थे। निलंबन आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरोपी प्रधानाध्यापक का मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, नवानगर कार्यालय रहेगा। उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र ही आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल था। अभिभावकों और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *