प्रदूषण से तंग किसान ने परिवार संग गांव छोड़ा:मुजफ्फरनगर में फैक्ट्री के धुएं से हालात बदतर, हवा पानी जहरीले


मुजफ्फरनगर के मखियाली गांव में प्रदूषण के बढ़ते स्तर के कारण एक किसान को अपना घर छोड़कर पलायन करना पड़ा है। किसान जितेंद्र ने शनिवार रात अपने परिवार के साथ गांव छोड़ दिया, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। जितेंद्र ने अपना सारा सामान एक ट्रक में भरकर गांव को अलविदा कहा। जाते समय उसने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि अपना गांव छोड़ना आसान नहीं है, क्योंकि उसका घर और खेती सब यहीं है। उसने आरोप लगाया कि फैक्ट्रियों ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है। किसान के अनुसार, गांव की हवा और पानी दोनों जहरीले हो चुके हैं। जितेंद्र ने बताया कि वह खुद बीमार है और उसके पिता की मृत्यु भी बीमारी के कारण हुई थी। उसने कहा कि अब यहां रहना असंभव हो गया है। जितेंद्र के इस कदम से पूरा गांव स्तब्ध है। ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। उसका कहना था कि इस गांव में रहना अब मौत को दावत देने जैसा है।

गांव के एक अन्य ग्रामीण वीरेंद्र ने भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ‘आज वह गया है, कल हम भी जाएंगे। यहां जीना मुश्किल हो गया है।’ ग्रामीणों का आरोप है कि आसपास की फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं और गंदा पानी लगातार गांव को प्रदूषित कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में हालात और बिगड़ गए हैं, जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं और उनका जीवन दूभर हो गया है। यह घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो मखियाली से पलायन की यह शुरुआत एक बड़े संकट में बदल सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *