![]()
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर बिना चालान किए छोड़ दिया, जबकि वह भी घटना में शामिल था। मृतका बाबूपट्टी गांव निवासी शिव प्रकाश सरोज की बहन थी, जिसकी शादी 2020 में सिंगाही गांव के महेंद्र सरोज के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग 2 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर महिला को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे परिजनों को महिला की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर महिला घर के अंदर बेड पर मृत अवस्था में पाई गई। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या पति महेंद्र सरोज, सास रेखा सरोज समेत अन्य परिजनों—रेखा, रवि और किरण ने मिलकर की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कुल 8 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। रविवार दोपहर रानीगंज पुलिस ने नरसिंहगढ़ पुल के पास चेकिंग के दौरान पति महेंद्र सरोज (36 वर्ष) और सास रेखा सरोज (55 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों और परिजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर बताया कि नामजद आरोपी दुर्गेश मिश्रा को पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन बिना चालान किए छोड़ दिया। उनका आरोप है कि दुर्गेश भी घटना में शामिल था और आरोपी पक्ष द्वारा सुलह समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले में एसपी दीपक भूकर ने जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।
Source link
प्रतापगढ़ में महिला की संदिग्ध मौत, पति-सास गिरफ्तार:ग्रामीण बोले- नामजद आरोपी को छोड़ा, समझौते का दबाव बना रहे