प्रतापगढ़ में बाइक-स्कूटी भिड़ंत में अधिवक्ता की मौत:चिलबिला-महुली रोड पर दो युवक गंभीर घायल


प्रतापगढ़ नगर कोतवाली क्षेत्र के चिलबिला-महुली रोड पर शुक्रवार शाम करीब 9:30 बजे को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 28 वर्षीय पत्रकार एवं अधिवक्ता विपिन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों की मदद शुरू की। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, मृतक विपिन सिंह (28) कंधई थाना क्षेत्र के नवगढ़ गांव के निवासी थे। वह पत्रकार होने के साथ-साथ अधिवक्ता के रूप में भी कार्यरत थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। हादसे में स्कूटी चला रहे थाना कोहडौर, मकुनपुर निवासी अमन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया। वहीं स्कूटी पर पीछे बैठे बबलू, निवासी राखहा, थाना कंधई, भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज, प्रतापगढ़ में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक और स्कूटी की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए चिलबिला-महुली रोड पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि चिलबिला-महुली रोड पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने विपिन सिंह को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक घायल अमन श्रीवास्तव को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है, जबकि दूसरे घायल बबलू का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है।अवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *