दो बाइक चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद:स्वाट, सर्विलांस और साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई


गाजियाबाद में ट्रांस हिंडन जोन की स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और साहिबाबाद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान साहिबाबाद क्षेत्र में नागद्वार चौराहे के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक रास्ता बदलकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों युवक बाइक के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि जिस बाइक पर वे सवार थे, उसे कुछ दिन पहले गौतमबुद्ध नगर के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सिटी से चोरी किया गया था। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी कर चोरी की चार अन्य बाइकें भी बरामद कर ली गईं। बरामद बाइकों में दो पैशन प्रो, दो हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक हीरो एक्सट्रीम शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज और सचिन के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे बाजार, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी बाइकों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर कुछ दिनों तक छिपाकर रखते और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। चोरी से मिलने वाली रकम आपस में बांटकर खर्च करते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। उनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *