गोरखपुर में सावन के चारों सोमवार बदला रहेगा ट्रैफिक:रविवार सुबह 6 बजे से डायवर्जन, शिवालयों के रास्तों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद


गोरखपुर पुलिस ने सावन में कांवड़ यात्रा और शिवालयों में होने वाले जलाभिषेक को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे ट्रैफिक पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी कर इसकी जानकारी दी। सावन के चारों सोमवार 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त 2026 को प्रमुख शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कई रास्तों पर भारी वाहनों का आवागमन बदला रहेगा। रविवार सुबह 6 बजे से लागू होगा डायवर्जन ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक प्रत्येक सोमवार को होने वाले जलाभिषेक के लिए एक दिन पहले रविवार सुबह 6 बजे से ही डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था सोमवार रात 12 बजे तक यानी कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान प्रमुख शिवालयों की तरफ जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों को प्रवेश देने के बजाय दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। महादेव झारखंडी मंदिर के रास्ते पर ऐसे जाएंगे भारी वाहन महादेव झारखंडी मंदिर में सावन के सोमवार को श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में देवरिया बाईपास से महादेव झारखंडी की तरफ आने वाले बड़े वाहनों को हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन सिक्टौर और अमर उजाला की तरफ से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। इसी तरह कूड़ाघाट की तरफ से महादेव झारखंडी मंदिर की ओर आने वाले भारी वाहनों को एयरपोर्ट पुलिस चौकी की तरफ मोड़ दिया जाएगा। यहां से वाहन एयरपोर्ट, जगदीशपुर और कोनी होते हुए आगे जाएंगे। इससे मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए पर्याप्त जगह बनी रहेगी। मुक्तेश्वरनाथ मंदिर हरबर्ट बंधा पर भी बदलेगा रूट शहर के मुक्तेश्वरनाथ मंदिर हरबर्ट बंधा पर भी जलाभिषेक को लेकर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। हरबर्ट बंधा से टीपी नगर की तरफ आने वाले भारी वाहनों को ओवरब्रिज से होकर आगे भेजा जाएगा। मंदिर के आसपास भारी वाहनों का दबाव कम रखने के लिए यह व्यवस्था लागू रहेगी। पिपराइच में भी भारी वाहनों के लिए डायवर्जन पिपराइच स्थित मोटेश्वरनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग पर भी डायवर्जन रहेगा। पादरी बाजार की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को मोहरीपुर की तरफ मोड़ दिया जाएगा। वहीं सरेया बाजार चौराहे से पिपराइच रोड की ओर आने वाले भारी वाहनों को बरगदही की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। चार सोमवार तक रहेगी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को पड़ रहा है। ऐसे में पहला डायवर्जन रविवार 2 अगस्त सुबह 6 बजे से सोमवार 3 अगस्त रात 12 बजे तक लागू रहेगा। इसी तरह अगले सोमवार 10, 17 और 24 अगस्त को भी एक दिन पहले रविवार सुबह से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि डायवर्जन का उद्देश्य कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम रास्ता उपलब्ध कराने के साथ प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति को रोकना है। ऐसे में इन तारीखों पर यात्रा करने वाले लोगों, खासकर भारी वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *