पैसों के विवाद में कुल्हाड़ी से पिता की हत्या:बदायूं में गर्दन पर किया वार, आरोपी बेटा फरार


बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक युवक ने पैसों के विवाद में अपने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना बिनावर थाना क्षेत्र के ब्यौर गांव की है। मृतक की पहचान राधेलाल (60) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राधेलाल रात में अपनी बैठक में सो रहे थे। इसी दौरान उनके सबसे छोटे बेटे अहिवरन ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस और सिटी राहुल पांडे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अहिवरन स्वयं सहायता समूह का संचालन करता था। समूह की किस्त जमा करने के लिए उसने अपने पिता से रुपये मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में उसने पिता की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब पीने का आदी बताया जा रहा है और वह अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सीओ सिटी राहुल पांडे ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *