![]()
उत्तर मध्य रेलवे के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के रूप में डॉ. शिवम शर्मा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी निवर्तमान मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी के मुख्य यातायात योजना प्रबंधक के पद पर पदोन्नत होने के बाद संभाली है। डॉ. शिवम शर्मा इससे पहले प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM) के पद पर कार्यरत थे। उल्लेखनीय है कि मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में यह उनकी दूसरी पारी है। इससे पहले वर्ष 2021-22 में भी वह उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ का दायित्व निभा चुके हैं। डॉ. शर्मा भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के वर्ष 2011 बैच के अधिकारी हैं। रेलवे में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य दावा अधिकारी तथा मंडल ट्रैफिक मैनेजर, टूंडला जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उप मुख्य दावा अधिकारी के रूप में उन्होंने प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की पीठ स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके इस योगदान के लिए अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। रेलवे सेवा के अलावा डॉ. शिवम शर्मा प्रतिनियुक्ति पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में निदेशक के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। करीब तीन वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में निदेशक तथा बाद में सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र में क्षेत्रीय निदेशक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान हरियाणा में खेलों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कराया। वर्ष 2024 में पेरिस ओलंपिक के दौरान वह भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा रहे थे। डॉ. शिवम शर्मा ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी (BDS) की डिग्री प्राप्त की है। अपने प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें उत्तर मध्य रेलवे के ऊर्जावान एवं गतिशील अधिकारियों में गिना जाता है। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में जनसंपर्क व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी।
Source link
उत्तर मध्य रेलवे को मिले नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी:डॉ. शिवम शर्मा ने संभाला कार्यभार