पेट्रोल पंप पर गैस किट वैन में लगी आग, VIDEO:तेल भरवाते समय हादसा, कर्मचारी गाड़ी को दूर ले गए, 2 घंटे बाद पाया काबू


संभल के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाते समय गैस किट लगी मारुति वैन में भीषण आग लग गई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए जलती हुई वैन को पंप से दूर खाली मैदान में ले जाकर एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। इस घटना की लाइव तस्वीरें भी सामने आई हैं। यह घटना जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना धनारी क्षेत्र के गांव भकरौली स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई। गैस किट लगी मारुति वैन पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंची थी। तेल डालते समय अचानक गाड़ी के इंजन में आग लग गई। धुआं देखकर चालक, पेट्रोल पंप कर्मी और वहां मौजूद अन्य लोग घबरा गए। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने फायर इंस्ट्रूमेंट से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए जलती हुई वैन को पेट्रोल पंप से दूर एक खाली मैदान में ले गए। वहां वैन पूरी तरह से आग का गोला बन गई और लगभग एक घंटे तक जलती रही, जिससे पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। करीब दो घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन एक वीडियो संज्ञान में आया है जिसकी जांच कराई जा रही है। पुलिस टीम को संबंधित पेट्रोल पंप पर भेजा गया है। आग कैसे लगी और गाड़ी किसकी थी, इस बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *