पूर्व मंत्री रामआसरे फतेहगढ़ जेल में सपा विधायक से मिले:आजमगढ़ के रमाकांत यादव को सुविधाएं न मिलने का आरोप लगाया


फर्रुखाबाद में पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने मंगलवार को सुबह 11 बजे फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार में आजमगढ़ के सपा विधायक रमाकांत यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधायक को जनप्रतिनिधि के तौर पर मिलने वाली सुविधाएं न दिए जाने का आरोप लगाया। विश्वकर्मा ने जेल में करीब आधा घंटे तक यादव से बातचीत की। उन्होंने विधायक का हालचाल जाना और जेल के अंदर मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री ने बताया कि सपा विधायक रमाकांत यादव पिछले लगभग चार साल से इस जेल में बंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और विधायक को जनप्रतिनिधि के रूप में मिलने वाली मान्य सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। विश्वकर्मा के अनुसार, विधायक ने बताया कि उन्हें बेडशीट, चादर, भोजन और पीसीओ जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का विधायक होने के कारण उनके साथ दोहरा बर्ताव किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है और सरकार के निर्देश पर हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यह सरकार विपक्ष के लोगों और समाजवादी पार्टी के सदस्यों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है और भेदभाव रखती है। विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार न लोकतंत्र, न संविधान और न ही नियम-कानून में विश्वास रखती है, बल्कि केवल अत्याचार और अनावश्यक दबाव बनाने का काम करती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *