पूर्व चेयरमैन की हत्या की साजिश का खुलासा:महुली पुलिस ने 4 नामजद समेत 6 पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया


संतकबीरनगर पंचायत हरिहरपुर के पूर्व चेयरमैन जयराम माझी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में महुली पुलिस ने चार नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि बस्ती जिले में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ में हमले की साजिश पैसों के लिए रचे जाने की बात सामने आई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पूर्व चेयरमैन जयराम माझी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 जून 2026 की रात करीब आठ बजे वह अपने घर से महुली बाजार जा रहे थे। टिकुइकोल के मुकुन्दपुर मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल और चार-पांच युवक खड़े दिखाई दिए। उनका आरोप है कि जैसे ही वह वहां पहुंचे, सभी ने मिलकर डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। किसी तरह उन्होंने बाइक संभाली और वहां से निकलने का प्रयास किया। भागते समय ईंट-पत्थर भी फेंके पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों ने पीछा करते हुए उन पर ईंट और पत्थर भी फेंके। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावरों ने जाते-जाते कहा कि, “इस बार तो बच गए हो, अगली बार नहीं बच पाओगे।” घटना के बाद जयराम माझी घर लौटे और हमलावरों की पहचान के प्रयास शुरू किए। बस्ती में पकड़े गए आरोपी से हुआ खुलासा पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को बस्ती जिले के लालगंज थाने से सूचना मिली कि 20 जून की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान अमन उर्फ अविनाश पुत्र योगेंद्र उपाध्याय, निवासी बर्तनिया, थाना लालगंज, जनपद बस्ती के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि पूर्व चेयरमैन की हत्या की साजिश पैसों के लिए रची गई थी। इसके बाद महुली पुलिस ने चार नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों की तलाश में दबिश पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *