![]()
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दौराला-लावड़ रोड पर काली नदी पुल के पास एक सड़क हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पुल के किनारे कई फुट गहरी खाई में जा गिरे। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, लावड़ की ओर से कचरे से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक अचानक ट्रॉली की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक समेत खाई में जा गिरी। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से खाई में गिरे वाहनों को बाहर निकलवाया और बाइक सवार युवक को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। दौराला पुलिस ने बताया कि वे हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई।
Source link
मेरठ में काली नदी पुल पर भीषण हादसा:ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत, एक युवक की मौत