![]()
सुल्तानपुर में अखंडनगर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.5 करोड़ रुपये की अवैध मॉर्फिन जब्त की है। पुलिस ने रायपुर सर्विस लेन अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध कारों को रोका और कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे आरोपियों को जेल भेजा गया। यह गिरोह संगठित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था। आरोपी ओडिशा से गांजा और पंजाब से स्मैक लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग रास्तों से पहुंचाते थे। पुलिस की नजर से बचने के लिए वे दो अलग-अलग कारों (बलेनो और वरना) का इस्तेमाल करते थे। यह कार्य अभियुक्तों द्वारा काफी समय से किया जा रहा था। पुलिस टीम ने अंबेडकरनगर की तरफ से लखनऊ जा रही संदिग्ध कारों को देखकर रोकने का प्रयास किया। कार सवारों ने वाहन पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की, जिससे वाहन असंतुलित हो गए। इसी दौरान कार सवार अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें खुर्शीद आलम और प्रशांत सिंह नामक दो अभियुक्त घायल हो गए। दोनों घायलों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस टीम ने कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर दोनों वाहनों की तलाशी के दौरान कुल 1 किलो 800 ग्राम अवैध मॉर्फिन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये है। खुर्शीद आलम और प्रशांत सिंह के कब्जे से 01-01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01-01 जिंदा कारतूस और 01-01 खोखा कारतूस भी बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त वरना कार (UP 32 RP 9880) और बलेनो कार (UP 32 RQ 2158) भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया है।
Source link
सुल्तानपुर में अंतर्जनपदीय गैंग के 5 तस्कर गिरफ्तार:ओडिशा से गांजा, पंजाब से स्मैक लाकर यूपी के जिलों में करते थे सप्लाई