पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर, पिता की मौत:बेटी और नाती गंभीर रूप से घायल, रॉन्ग साइड आने पर हुआ हादसा


सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार रात लगभग 9 बजे हुए एक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना एक्सप्रेसवे के 119 किलोमीटर बिंदु पर हुई, जहां किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सधई का पुरवा निवासी राम स्वारथ वर्मा (65 वर्ष) अपनी पुत्री नीलम वर्मा (41 वर्ष) और नाती शौरभ वर्मा (15 वर्ष) को लेकर घर लौट रहे थे। बताया गया कि नीलम और शौरभ हिमाचल प्रदेश से अपने घर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गलत स्थान पर उतर गए थे। सूचना मिलने पर राम स्वारथ वर्मा उन्हें लेने के लिए बाइक से पहुंचे थे। जब तीनों वापस घर लौट रहे थे, तभी एक्सप्रेसवे के 119 किलोमीटर बिंदु पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद यूपीईडा कर्मियों की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जहीर खान ने जांच के बाद राम स्वारथ वर्मा को मृत घोषित कर दिया। उनकी पुत्री नीलम वर्मा और नाती शौरभ वर्मा की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा घटना की सूचना कूरेभार पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *