![]()
पीलीभीत में ग्राम पंचायतों की वित्तीय अनियमितताओं पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2017-18 की ऑडिट में गड़बड़ियां मिलने के बाद जिलाधिकारी ने 11 ग्राम पंचायतों के तत्कालीन प्रधानों और ग्राम पंचायत सचिवों से कुल 82,72,853 रुपए की सरकारी धनराशि वसूलने के आदेश जारी किए हैं। जिला लेखा परीक्षा अधिकारी द्वारा ऑडिट के दौरान वित्तीय अनियमितताएं मिलने पर संबंधित तत्कालीन प्रधानों और ग्राम पंचायत सचिवों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिला लेखा परीक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने वसूली की कार्रवाई के निर्देश दिए। यह वसूली ललौरीखेड़ा विकास खंड की एक तथा बिलसंडा विकास खंड की 10 ग्राम पंचायतों से की जाएगी। इनमें वारनवादा (14.70 लाख), ईटगांव (27.60 लाख), नगरिया तुलागिरि (7.01 लाख), टेहरी (6.52 लाख), अण्डाह (6.01 लाख), मरैना (5.18 लाख), इरादतपुर पगार (4.87 लाख), तिल्छी (4.71 लाख), बिहारीपुर हीरा (3.97 लाख), किशनपुर (1.83 लाख) और ओडाझार (29,500) रुपए की धनराशि शामिल है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित ब्लॉक और राजस्व अधिकारियों को वसूली की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर जल्द से जल्द वसूली की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
Source link
पीलीभीत में 11 ग्राम पंचायतों में वित्तीय गड़बड़ी:पूर्व प्रधानों और सचिवों से 82.72 लाख रुपए की वसूली के आदेश