पीलीभीत में स्वाइन फ्लू का दूसरा केस, बुजुर्ग मिला पॉजिटिव:स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घुघौरा गांव में विशेष शिविर लगेगा


पीलीभीत जिले के बिलसंडा क्षेत्र में स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमण का दूसरा मामला सामने आया है। घुघौरा गांव निवासी 76 वर्षीय मान खान की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। इससे पहले भी जिले में एक मरीज में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। तेज बुखार और खांसी के बाद कराई जांच मान खान पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार और खांसी से परेशान थे। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका जताते हुए सैंपल जांच के लिए भेजा। रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बुजुर्ग को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। संपर्क में आए लोगों की निगरानी शुरू जिले में दूसरा केस सामने आने के बाद सीएमओ के निर्देश पर बिलसंडा सीएचसी की मेडिकल टीम को अलर्ट किया गया है। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीज के संपर्क में आए परिजनों और अन्य लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। सीएचसी अधीक्षक डॉ. छत्रपाल ने बताया कि स्थिति स्वास्थ्य विभाग के नियंत्रण में है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। गांव में आज लगेगा स्वास्थ्य शिविर स्वास्थ्य विभाग की टीम गुरुवार को घुघौरा गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाएगी। यहां ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की जाएगी और जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की जाएंगी। लोगों को H1N1 से बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने, मास्क का इस्तेमाल करने और हाथों की नियमित सफाई रखने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *