पीलीभीत में शव गांव पहुंचते ही भड़के परिजन:सड़क हादसे में 3 की हुई थी मौत, अंतिम संस्कार से किया इनकार; विधायक ने दी सांत्वना


पीलीभीत में बुधवार को कार और ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत के बाद गुरुवार को गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अन्नपूर्णा देवी, उनके बेटे राहुल और रामवती के शव गांव पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने कार चालक की गिरफ्तारी और मौके पर मौजूदगी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मामला दियोरिया थाना क्षेत्र का है। नेताओं और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक विवेक वर्मा और पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक ने एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय को निर्देश दिए कि मृतकों के आश्रितों को मिलने वाली सहायता राशि की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए। हादसे में घायल करीब एक दर्जन लोगों का इलाज चल रहा है। प्रशासन ने डॉक्टरों को सभी घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। मेला जा रहे थे सभी लोग
जानकारी के अनुसार, थाना बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम बबूरा निवासी लोग अमावस्या के अवसर पर ई-रिक्शा से कोतवाली दियोरिया क्षेत्र के इलाहवास देवल गांव में लगने वाले मेले में जा रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा वीरसिंहपुर गांव के मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए।
परिजनों ने बताई दर्दनाक आपबीती
मृतक रामवती की बेटी आरती देवी ने बताया कि उनके परिवार के पांच लोग मेले में जा रहे थे। जिसमें उनकी मां की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं श्रीपाल ने बताया कि इस हादसे में उनकी पत्नी अन्नपूर्णा और बेटे राहुल की मौत हो गई, जबकि उनका दूसरा बेटा अस्पताल में भर्ती है और बेटी के हाथ-पैर टूट गए हैं। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान विधायक विवेक वर्मा, पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा, एसडीएम नागेंद्र पांडेय, सपा नेता हरिपाल लोधी और शांतन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नम आंखों से मृतकों को अंतिम विदाई दी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *