![]()
पीलीभीत के पूरनपुर विकासखंड के ग्राम नवदिया में सोमवार दोपहर महिलाओं ने आबादी क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने दुकान का घेराव कर बिक्री ठप करा दी। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि रिहायशी इलाके में दुकान होने से गांव का माहौल खराब हो रहा है। उनके अनुसार, शराब की आसान उपलब्धता के कारण नशाखोरी बढ़ रही है, जिससे घरों में कलह, घरेलू हिंसा और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसका सबसे अधिक बुरा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। पहले भी हटाई जा चुकी है दुकान महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि शराब की इस दुकान को तत्काल आबादी क्षेत्र से हटाकर गांव के बाहर किसी दूरस्थ स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। हंगामे की सूचना पर जमुनिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने आक्रोशित महिलाओं को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद दुकान संचालक के आने पर बिक्री दोबारा शुरू हो सकी। हालांकि, महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही दुकान हटाने का फैसला नहीं लिया, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी। गौरतलब है कि क्षेत्र में आबादी के बीच चल रही शराब की दुकानों को लेकर लंबे समय से विरोध बना हुआ है। इससे पहले बूंदीभूड़ गांव में भी जन विरोध के बाद एक शराब की दुकान को हटाना पड़ा था।
Source link
पीलीभीत में शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन:आबादी क्षेत्र से दुकान हटाने की मांग, बिक्री ठप कराई