![]()
पीलीभीत शहर के खकरा मोहल्ले में टेंट कारोबारी की दुकान का एक बड़ा हिस्सा जेसीबी से गिराने का मामला सामने आया है। कारोबारी अमित सक्सेना का आरोप है कि 15 सितंबर को बाजार की साप्ताहिक बंदी का फायदा उठाकर कुछ लोग जेसीबी लेकर उनकी दुकान पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। दुकान का काफी हिस्सा गिरने से अंदर रखा टेंट और अन्य सामान खराब हो गया। कारोबारी ने करीब 15 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। अमित सक्सेना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वह अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे थे। दंपती पर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश का आरोप
शिकायत के मुताबिक, अमित और उनकी पत्नी के मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने कथित तौर पर उन पर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश की। आरोप है कि जेसीबी चालक मशीन लेकर मौके से भाग गया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने दंपती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। 6 लोगों के खिलाफ नामजद FIR
पुलिस ने अमित की शिकायत के आधार पर मोहल्ले के डोरीलाल, उसकी बेटी चंचल वर्मा, गौरव, शिवा और पूनम राना के साथ एक अज्ञात जेसीबी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है। जेसीबी और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
शहर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें घटना में इस्तेमाल जेसीबी मशीन और फरार चालक की तलाश कर रही हैं। घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पीलीभीत में टेंट कारोबारी की दुकान पर चली जेसीबी:15 लाख का नुकसान, जानलेवा हमले की FIR दर्ज; जांच शुरू