पीलीभीत में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा:राज्यमंत्री और डीएम ने परोसा भोजन, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा मंडी परिसर


पीलीभीत में सावन के चौथे सोमवार को लेकर शिवभक्तों में उत्साह है। ऐतिहासिक श्री गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए हरिद्वार और कछला घाट से गंगाजल लेकर हजारों कांवड़िए जिले में पहुंचे हैं। कांवड़ियों के ठहरने और भोजन के लिए नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। रविवार रात करीब 10:30 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह अचानक मंडी परिसर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने वहां ठहरे कांवड़ियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद राज्यमंत्री और डीएम ने स्वयं कांवड़ियों को भोजन व प्रसाद परोसा। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे कांवड़ियों के स्वागत के दौरान राज्यमंत्री, जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उन पर पुष्पवर्षा की। अचानक हुई पुष्पवर्षा से मंडी परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया। कांवड़ियों ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे लगाए। पूरा परिसर काफी देर तक जयघोष से गूंजता रहा। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि प्रदेश सरकार कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन स्तर पर लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। डीएम ने कांवड़ मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा कांवड़ियों के स्वागत के बाद जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य शिविरों की स्थिति देखी। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को मार्ग में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सुबह गौरीशंकर मंदिर के लिए रवाना होंगे कांवड़िए मंडी समिति परिसर में विश्राम करने के बाद कांवड़िए सोमवार तड़के ऐतिहासिक श्री गौरीशंकर मंदिर के लिए रवाना होंगे। यहां गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे हैं। राज्यमंत्री और जिलाधिकारी की ओर से कांवड़ियों की सेवा और पुष्पवर्षा किए जाने की स्थानीय लोगों एवं शिवभक्तों ने सराहना की। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *