![]()
पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र स्थित टिकरी टोल प्लाजा पर गुरुवार को टोल कर्मियों से मारपीट और एक कर्मचारी के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया। वीआईपी लेन से वाहन निकालने को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने घटना को अंजाम दिया। हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत कर्मचारी को सुरक्षित बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष संजीव शुक्ला ने बताया कि घटना 14 मई 2026 को शाम करीब 4:30 बजे हुई। टिकरी टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने सूचना दी कि कुछ युवक वीआईपी लेन से अपना वाहन जबरन निकालने का प्रयास कर रहे थे और विरोध करने पर मारपीट करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जांच में पता चला कि आरोपियों ने टोल कर्मी राहुल तोमर, पुत्र उदयवीर सिंह निवासी बरेली, के साथ मारपीट की और उसे जबरन स्विफ्ट कार (UP 26 AX 5493) में बैठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख आरोपी घबरा गए और राहुल तोमर को थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम पिपरा के पास नहर पटरी पर उतारकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान रोहित पटेल, राजकमल कश्यप, संतोष गंगवार उर्फ रिंकू, योगेन्द्र गंगवार और अंकुर गंगवार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित राहुल तोमर को सुरक्षित बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया गया है। घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
पीलीभीत टोल प्लाजा पर मारपीट, कर्मचारी अपहरण का प्रयास:पुलिस ने घेराबंदी कर 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार