![]()
लखनऊ के महानगर थानाक्षेत्र के पेपर मिल कॉलोनी स्थित मेट्रो सिटी अपार्टमेंट में शनिवार रात सिक्योरिटी गार्ड का शव छत पर बनी पानी की टंकी में मिला। सूचना पर पहुंची महानगर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस शुरुआती जांच में मामले को आत्महत्या मान रही है, जबकि परिजनों ने इस आशंका से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की पहचान बाराबंकी के बिंदौरा निवासी 45 वर्षीय ननकू शर्मा के रूप में हुई है। वह पत्नी मीरा और तीन बच्चों के साथ पेपर मिल कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे और मेट्रो सिटी अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे भांजे प्रदीप ने बताया कि शनिवार रात ननकू की नाइट ड्यूटी थी। ड्यूटी के दौरान उन्होंने साथी गार्ड से शौच जाने की बात कही और टावर की 12वीं मंजिल की छत पर चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथी गार्ड ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो सुपरवाइजर को सूचना दी गई। इसके बाद छत पर बनी पानी की टंकी में उनका शव तैरता मिला। सूचना मिलते ही महानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टंकी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महानगर इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। फुटेज में ननकू अकेले ही छत की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिजनों का कहना है कि ननकू किसी तरह के तनाव में नहीं थे। उन्होंने पुलिस से मामले की हर पहलू से जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पानी टंकी में मिला सिक्योरिटी गार्ड का शव:लखनऊ में ड्यूटी के दौरान 12वीं मंजिल गया, परिजनों ने जांच की मांग की