सोनभद्र में प्रसव के बाद महिला की मौत:परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, लापरवाही का आरोप; कार्रवाई की मांग


सोनभद्र के जीवनदीप अस्पताल में प्रसव के बाद 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला का ऑपरेशन कर प्रसव कराया गया था और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। नवजात फिलहाल सुरक्षित बताया जा रहा है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामला रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी रोड का है। ऑपरेशन के बाद बिगड़ी महिला की हालत करमा थाना क्षेत्र के खैराही गांव निवासी रविता (27) पत्नी जय सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने बुधवार रात जीवनदीप अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया, जिसके बाद रविता ने बच्चे को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक, बच्चे के जन्म के कुछ देर बाद ही रविता की तबीयत बिगड़ने लगी और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों और स्टाफ के बीच गहमागहमी शुरू हो गई। एंबुलेंस रोककर परिजनों ने किया विरोध रविता के भाई दीपक राय ने आरोप लगाया कि महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन उसे एंबुलेंस से वाराणसी भेजने की तैयारी कर रहा था। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने एंबुलेंस रोक दी और अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने संभाली स्थिति हंगामे की सूचना मिलने पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहीं नवजात शिशु को उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और परिजनों की ओर से शिकायत भी प्राप्त हुई है। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *