हिंडन का जलस्तर बढ़ने से गाजियाबाद में बाढ़ जैसे हालात:सिटी फॉरेस्ट डूबा, कई कॉलोनियों में घरों तक पहुंचा पानी


गाजियाबाद में हिंडन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे बसे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। करहेड़ा स्थित सिटी फॉरेस्ट पूरी तरह पानी में डूब गया है, जबकि हिंडन नदी के किनारे बसी कई कॉलोनियों में पानी घरों तक पहुंच चुका है। इससे लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई घरों के भूतल में पानी भर गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण परिवार अपना आवश्यक सामान लेकर घर खाली कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में लोगों को पलायन करना पड़ सकता है। प्रशासन द्वारा कुछ स्थानों पर मिट्टी के टीले बनाकर पानी रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि हिंडन नदी की समय पर सफाई न होने, जलकुंभी के अत्यधिक फैलाव और कच्चे बांधों के कारण पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है। इसके चलते पानी तेजी से आसपास की कॉलोनियों में फैल रहा है। निवासियों ने बताया कि नदी किनारे रहने वाले परिवारों में भय का माहौल है, क्योंकि 2023 में भी इसी तरह की बाढ़ आई थी, जिसके कारण उन्हें घर छोड़ने पड़े थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, नदी की सफाई कराने और प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *